रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन गुरुवार को चंदनकियारी से BJP के विधायक और पूर्व मंत्री अमर बाउरी रोते हुए बाहर आये और स्पीकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दलित समुदाय से आता हूं, इसलिए स्पीकर ने मेरा कार्य स्थगन प्रस्ताव नहीं पढ़ा। सीधा खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि ये भावना के आंसू हैं। आंसू निकल रहे हैं तो कमजोर नहीं समझें। अमर बाउरी कमजोर नहीं है। इस लड़ाई को अंबेडकर जी के नाम पर लड़ेंगे। अपने हक अधिकार को लेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पक्षपाती व्यवहार मेरे साथ किया गया है। दु:खद है। ये बाबा साहब के सपनों को तोड़ने वाला है।
वहीं, रांची से BJP विधायक सीपी सिंह ने कहा कि जब हम विधानसभा अध्यक्ष थे, तब विपक्ष को ज्यादा बोलने का मौका देते थे, लेकिन महागठबंधन की सरकार में हमारे दलित विधायक को बोलने नहीं दिया गया, जो सरासर गलत है।