एक नाबालिग लड़की का रेप करने और सोशल मीडिया में उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें शेयर करने पर पुलिस ने भोजपुरी के एक सिंगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिंगर की पहचान अभिषेक (21) के रूप में हुई है। अभिषेक बिहार का रहने वाला है। उसे बाबुल बिहारी के नाम से भी जाना जाता है। यूट्यूब चैनल पर उसके 27,000 फॉलोअर्स हैं।
पुलिस के मुताबिक दो साल पहले आरोपी जब राजीव नगर इलाके में रहता था तो उसने 13 साल की लड़की को बहला-फुसलाकर अपने झांसे में लिया। लड़की के साथ दोस्ती बढ़ने पर वह उसे एक होटल में ले गया। होटल में सिंगर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचीं। इस घटना के बाद पीड़ित लड़की ने उससे दूरी बना ली और किसी से इस घटना का जिक्र नहीं किया।
इंस्टाग्राम पर डालीं आपत्तिजनक तस्वीरें
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पर नाबालिग लड़की की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। ये तस्वीरें देखने के बाद लड़की के परिवार वालों ने उससे सवाल किया। इसके बाद लड़की ने अपनी आप बीती बताई। घटना सामने आने के बाद बुधवार को परिवार अपनी लड़की को लेकर पुलिस के पास गया। पीड़िता की काउंसलिंग करने के बाद आरोपी सिंगर के खिलाफ पॉक्सो एवं आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया सिंगर
पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकेन ने कहा कि शिकायत के अनुरूप एफआईआर दर्ज हुई। केस दर्ज होन के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार करने के बाद सिंगर को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।