कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 43वें दिन की शुरुआत आंध्र प्रदेश के कुरनूल के बनवासी गांव से की। अपनी इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी किसानों से मुलाकात करते हुए दिखे। इस दौरान उनकी कुछ तस्वीरों को शेयर कर कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से लिखा गया, किसान इस देश की ‘जड़’ है और उसे मजबूत रखना हमारी जिम्मेदारी है।
बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। इस यात्रा ने अबतक 1000 किमी से अधिक की दूरी तय कर ली है। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 150 दिनों में लगभग 3500 किलोमीटर की दूरी तय करने का प्लान है। इस दौरान 12 राज्यों से यह यात्रा होकर गुजरेगी।
राहुल गांधी ने बताया कि लोग कांग्रेस को वोट क्यों करें:
बता दें कि राहुल गांधी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि लोग आखिर कांग्रेस को वोट क्यों करें। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों के मुकाबले कांग्रेस को वोट देने के कई कारण हैं। इसमें पहला कारण तो यह है कि कांग्रेस देश की ऐसी इकलौती पार्टी है जो हर भारतीय का प्रतिनिधित्व करती है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस किसी के साथ जाति, समुदाय, धर्म या राज्य के आधार पर कोई भी भेदभाव नहीं करती। इसके अलावा गरीबों, किसानों, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस ही करती है।