जम्मू कश्मीर ( Jammu Kashmir ) के डोडा से बड़ी खबर सामने आई है। यहां सुबह बड़ा हादसा हो गया। जम्मू के ठथरी-डोडा मार्ग पर सुई ग्वारी में एक सड़क दुर्घटना में कम से कम आठ यात्रियों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक मिनी बस के डोडा के पास खाई में गिरने से यह हादसा हुआ। केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने इस बात की जानकारी दी है।
एक मिनी बस ठथरी से डोडा की ओर जा रही थी, तभी चालक ने सुई ग्वारी में अपना नियंत्रण खो दिया और मिनी बस चिनाब नदी के किनारे एक गहरी खाई में गिर गई। वाहन में यात्रा कर रहे आठ यात्रियों के मारे जाने और दस से बारह लोगों के घायल होने की खबर है।
फिलहाल घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे को लेकर दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने मृतक के परिजनों और घायलों के लिए मदद राशि का भी ऐलान किया। पीएमओ ने जम्मू-कश्मीर में हुए हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF की ओर से दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए ममद राशि दिए जाने की घोषणा की।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में ठथरी के पास एक सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है। सिंह ने कहा कि अभी-अभी डीसी डोडा विकास शर्मा से बात की है। घायलों को जीएमसी डोडा ले जाया जा रहा है। आगे जो भी सहायता की आवश्यकता होगी वो उपलब्ध कराई जाएगी।