जज उत्तम आनंद हत्याकांड मामले में ऑटो चालक लखन वर्मा और उसका सहयोगी राहुल वर्मा को सीबीआई कोर्ट ने गुरुवार को दोषी करार दिया। दोनों की सजा पर फैसला 6 अगस्त को होगा। ठीक एक साल पहले 28 जुलाई, 2021 को जज उत्तम आनंद को एक ऑटो रिक्शा खाली सड़क पर धक्का मारता हुआ चला गया था। घटना की रात ही ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया गया था। उसके दो दिन बाद दोनों आरोपी लखन (22) और राहुल वर्मा (21) गिरफ्तार कर लिए गए थे।
घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। झारखंड हाईकोर्ट जांच की निगरानी कर रहा था। राज्य सरकार की सिफारिश पर 31 जुलाई, 2021 को जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।
20 अक्टूबर, 2021 को केन्द्रीय एजेंसी ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302( हत्या), 201(साक्ष्य मिटाने) और धारा 34 के तहत दोनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया।