झारखंड के हजारीबाग में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के डेमोटांड़ के पास रात करीब 2 बजे हुए सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिसमे 3 महिलाएं शामिल है। रांची से आरा जा रही बबुआन बस ने ट्रक को टक्कर मार दी थी।
इसमें मौके पर ही 1 यात्री की मौत हो गई। थोड़ी देर बाद बस चालक की भी मौत हो गई। मरने वाले बस चालक का नाम मनोज रजक है। वह बिहार के विक्रमगंज के कझई का रहने वाला था। वहीं, यात्री की पहचान धंजी यादव के रूप में की गई है।
हादसे की सूचना के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। आनन-फानन में घायलों को बस से बाहर निकाला गया। वहां मौजूद लोगों ने भी इसमें मदद की। घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों को RIMS रेफर किया गया है। कुछ यात्रियों को इलाज के बाद छोड़ दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।