छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाले की आंच धनबाद भी पहुंच गई है। धनबाद में ग्रेवल कॉलोनी बेकारबांध में संतोष मंडल और एक अन्य व्यक्ति के यहां ईडी की छापेमारी जारी है। ये दोनों योगेंद्र तिवारी से जुड़े हुए हैं। ईडी की टीम आज सुबह-सुबह रांची के सात जगहों सहित पूरे झारखंड में 32 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह छापेमारी झारखंड राज्य के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव, नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह और शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी से संबंधित ठिकानों पर चल रही है। इसके अतिरिक्त रांची, देवघर, दुमका, कोलकाता, धनबाद और गोड्डा जिलों में छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शराब घोटाला मामले में शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी के दुमका के तीन जगहों पर छापेमारी जारी है। यह छापेमारी दुमका के गिलानपाड़ा चौक स्थित व्यावसायिक कार्यालय, टाटा शोरूम चौक पर अवस्थित तनिष्क शोरूम, खिजुरिया में तिवारी ऑटोमोबाइल में चल रही है। इसके अतिरिक्त योगेंद्र तिवारी के सहयोगी पप्पू शर्मा और अनिल सिंह के घर पर भी छापेमारी की जा रही है।
पूर्व गिरिडीह सदर विधायक निर्भय शाहाबादी के आवास पर छापेमारी
शराब घोटाला मामले में भाजपा के पूर्व सदर विधायक निर्भय शाहाबादी के आवास पर भी छापेमारी कर रही है। उनके मकतपुर डॉक्टर लेन स्थित आवास में ईडी की छापेमारी चल रही है। यहां भी सुबह से ही छापेमारी जारी है। निर्भय शाहाबादी के घर पर दो इनोवा गाड़ी में ईडी के अधिकारियों की टीम आई और छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि इनके रिश्तेदार का संबंध शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी के साथ है।
देवघर में अभिषेक झा के घर भी दबिश
ईडी देवघर में भी छापेमारी कर रही है। यहां कांग्रेस के नेता और 20 सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय के आवास पर ईडी की कार्रवाई जारी है। इसके अतिरिक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित विनोदनंद झा के पोते और जमीन कारोबारी अभिषेक झा के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है। अभिषेक झा मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट से चुनाव भी लड़ चुके हैं।