धनबाद। तीन नए कृषि कानून वापस लेने के मोदी सरकार की घोषणा से उत्साहित कांग्रेसियों ने रणधीर वर्मा चौक पर मिठाई बांटकर जश्न मनाया। धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के जिला अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा तीन नए कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर भारत के किसानों का एक लंबा आंदोलन चला। 11 माह तक चले इस आंदोलन में कांग्रेस पार्टी ने किसानों का पुरजोर समर्थन किया। मोदी सरकार की यह तीन नए कृषि कानून वापस लेने की घोषणा देश हित में है।
उन्होंने आगे कहा वर्तमान में देश में महंगाई चरम पर है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 5 रु कम तो की और अभी फिर से पेट्रोल 100 रु तक पहुँच गया है। कांग्रेस इस महंगाई के खिलाफ भी जनजागरण अभियान चलाकर लोगो को जगाने का काम कर रही है। मोदी सरकार को महंगाई नियंत्रित करने हेतु भी निर्णय लेना होगा। पेट्रोल – डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की जरूरत है।
धनबाद जिला कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र वर्मा ने कहा कि तीन नए कृषि कानून वापस लेने की घोषणा अच्छी पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह निर्णय पहले ही करनी चाहिए थी चुकी किसान आंदोलन में कई जाने गई। चंद कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुँचाने के लिए मोदी सरकार ने तीन कृषि काला कानून लेकर आई। आज यह साबित हो गया है कि तीनों कृषि कानून देश हित मे नही था।