धनबाद : शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में गोविंदपुर लाल बंगला निवासी एक वृद्ध दंपत्ति ने उपायुक्त को बताया कि वे निसंतान है। भतीजा ने उनकी संपत्ति हड़प ली है। मारपीट करना, डराना, धमकाना उसका नित्य कर्म हो गया है। जिस कारण उनकी जान पर हमेशा खतरा बना रहता है। उन्होंने भतीजे की प्रताड़ना से छुटकारा दिलाने की गुहार लगाई।
भूली डी ब्लॉक के व्यक्ति ने उपायुक्त को बताया कि 29 मजदूरों ने भूली टाउनशिप अथॉरिटी (बीटीए) में वर्ष 1993 में चापाकल बनाने का काम किया था। 24 दिसंबर 1993 से उनका 69450 बाकी है। जिसका भुगतान आज तक नहीं किया गया है।
माडा के सेवानिवृत्त कर्मियों ने बताया कि उनकी कॉपरेटिव की 4 एकड़ 11 डिसमिल जमीन पर भूमि माफियाओं की नजर है। जमीन के कागजात में हेरफेर करके वे जमीन की खरीद बिक्री कर रहे हैं।
एक महिला ने अपनी बीमार बेटे के इलाज के लिए मदद करने की गुहार जनता दरबार में लगाई।
जनता दरबार में इसके अलावा सर्वे में गलत प्लॉट नंबर डालना, सहारा इंडिया द्वारा मेच्योर्ड राशि का भुगतान नहीं करना, पीएम आवास नहीं देना, पंजी टू में ऑनलाइन नाम नहीं चढ़ाना, पेंशन, सड़क चौड़ीकरण, मजदूरों का न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं करना, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें लोगों ने की।
कुछ मामलों के निष्पादन के लिए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी के साथ दूरभाष पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए। अन्य शिकायतों को संबंधित पदाधिकारी के पास निष्पादन के लिए अग्रसरित किया।