धनबाद : जदयू प्रदेश महासचिव सह यूथ फ़ोर्स के प्रधान संयोजक दीपनारायण सिंह के नेतृत्व एक प्रतिनिधि मंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर होली के दिन तोपचांची थाना अंतर्गत श्रीरामपुर में होली के टोली को लेकर दो समुदायों के बीच हुई घटना में शांति बहाल करने को लेकर वार्ता किया।
इस दौरान श्री सिंह ने कहा कि होली के दिन दो समुदाय के बीच झड़प हुई थी। जिसमे तोपचांची थाना में कांड अंकित किया गया है। जिसका कांड संख्या – 43/2022 और 44/2022 है। वर्तमान समय में स्थानीय पुलिस द्वारा निर्दोष ग्रामीणों पर पुलिसिया कार्रवाई की जा रही है । जिससे गांव के महिला , पुरुष , बच्चे – बच्चियां गांव छोड़कर पलायन कर रहे है। घर मे गाय , बैल , बकरी , मुर्गी आदि को पुलिस के डर से भगवान भरोसे छोड़कर भाग रहे है। ये ख़ौफ़ आसपास के भी ग्रामीण क्षेत्रों में देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा आज से झारखंड माध्यमिक बोर्ड का मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा भी आरम्भ है। इस माहौल के कारण बच्चे – बच्चियों का परीक्षा भी प्रभावित हो रहा है। जो किसी भी दृष्टिकोण से उचित नही है। श्री सिंह ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि निर्दोष लोगों के ऊपर हो रहे पुलिसिया कार्रवाई को रोका जाए औऱ गांव में शांति बहाल की जाय। जिससे गांव का माहौल सामान्य हो सके। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सकारात्मक पहल करने की बात कही और निर्दोष लोगों को भयमुक्त होकर अपने घर वापस आने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि सहदेव प्रसाद सिंह, संतोष साव, महेंद्र दास, भागवत प्रसाद पांडे, अशोक कुमार दास, गुरु पद दास, संजीत मंडल, प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार दसौंधी आदि शामिल थे।