धनसारः तिसरा थाना मे तैनात आरक्षी मनबुल कुमार महतो की 32 वर्षीय पत्नी रेखा देवी का शव रहस्यमय स्थिति मे सोमवार को उसके आवास भुदा मे बरामद हुआ।उसके शरीर पर चोट के निशान मौजूद थे। सूचना पाकर धनसार पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
इधर मृतका के पिता सह सिजुआ निवासी आशुतोष महतो ने धनसार थाना मे अपने दामाद मनबुल के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में धनसार पुलिस ने आरक्षी मनबुल के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने के मामले में धारा 304 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रेखा के दाहिने केहुनी और चेहरे पर जख्म के निशान मौजूद है। आशुतोष का कहना है कि उसकी बेटी के दस वर्षीय पुत्र सौरभ और आठ वर्षीय पुत्र शुभम है।इसके बाद भी उसका दामाद मनबुल दहेज के लिए मारपीट करता था।
मनबुल अपने पिता हिरालाल महतो, मां, पत्नी रेखा और दो पुत्र के साथ रहता है। रेखा के मौत के बाद पुत्र सौरभ, शुभम और सास का रोकर बुरा हाल है। इधर मनबुल का कहना है कि छह दिन पूर्व उसका झगड़ा उसकी पत्नी रेखा से हो गई थी।जहां उसने रेखा की पिटाई कर दी थी।इस बीच रेखा ने जहर खा ली पर किसी को उसकी जहर खाने का एहसास नहीं हुआ।उसने केवल तबीयत खराब होने की बात कही थी।उसका इलाज स्थानीय झोला छाप चिकित्सक से किया जा रहा था।
अचानक सोमवार की सुबह उसकी अत्यंत तबियत खराब हो गई। उसे धनबाद एक अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पाकर रेखा के मायके सिजुआ से उसके पिता आशुतोष शाम को पहुचे। इसके बाद धनसार पुलिस भुदा बस्ती पहुंच मनबुल को धर दबोचा।
इसके बाद रात करीब 8.30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
,,,,मेरे घर मे कोई नहीं है सर। मेरे पापा को छोड़ दीजिए। यह बात बार बार बोलते हुए आठ वर्षीय सौरभ रो पड़ा। धनसार पुलिस ने सौरभ को संतावना देते हुए कहा कि तुम्हारे पिता जल्द आ जाएगें। यह दृश्य देख सब भावुक हो उठे।
जयराम प्रसाद, प्रभारी, धनसार थाना– पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा की यह हत्या है या आत्महत्या।हालांकि इस मामले की छानबीन की जा रही है।