दिल्ली के गाजीपुर थाना इलाके में भाजपा नेता जीतू चौधरी की बदमाशों ने बीती रात गोली मारकर हत्या कर दी। उनपर जिस समय हमला हुआ वो मयूर विहार फेज-3 में अपने आवास पर थे। 40 साल के जीतू चौधरी की हत्या करने वाले बदमाश इस वारदात को अंजाम देकर घटना स्थल से फरार हो गये। वहीं पुलिस को मौके से कुछ खाली कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद हुए हैं।
इस मामले में डीसीपी ईस्ट प्रियंका कश्यप ने जानकारी दी कि दिल्ली पुलिस द्वारा चश्मदीदों की तलाश की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। बता दें कि बदमाशों ने बीजेपी नेता जीतू चौधरी पर 6 गोलियां दागी। वो भाजपा में मयूर विहार जिले के मंत्री थे।
मिली जानकारी के मुताबिक हमला करने वाले दो बदमाश बाइक से सवार होकर भाजपा नेता के आवास पर आये और उनपर ताबड़तोड़ 6 गोलियां दागीं। जिसमें एक गोली जीतू चौधरी के सिर में लगी। घायल अवस्था में उन्हें लोगों ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि यह हत्या प्रॉपर्टी विवाद के चलते हो सकती है। फिलहाल पुलिस घर के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है।
गौरतलब है कि जीतू चौधरी यूपी के बागपत के रहने वाले थे। वो अपनी पत्नी और पंद्रह और ग्यारह साल के दो बेटों के साथ दिल्ली के मयूर विहार फेज तीन पॉकेट सी वन में रहते थे। उनके साथ उनके दो भाई और परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी रहते थे। उनका कंस्ट्रक्शन का कारोबार था।
शुरुआती पड़ताल में पुलिस को आशंका है कि कंस्ट्रक्शन के काम को लेकर उनका किसी ठेकेदार से लेन देन का मामला था। इसी विवाद के चलते मुमकिन है कि उनपर गोली चलाई गई। वहीं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता हमले की जानकारी होते ही जीतू चौधरी को अस्पताल में देखने पहुंचे थे। एमएलसी होने के बाद बॉडी को शिफ्ट किया जाएगा और बॉडी का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।