महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे की कुछ तस्वीरों की वजह से नया विवाद शुरू हो गया है। तस्वीर में श्रीकांत शिंदे एक कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। कुर्सी के ठीक पीछे लगे बोर्ड पर लिखा है: महाराष्ट्र शासन मुख्यमंत्री।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का आरोप है कि एकनाथ शिंदे के बेटे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। एनसीपी यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महबूब शेख ने तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा है, मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी में उनके चिरंजीवी मुख्यमंत्री का कार्यालय संभालते हैं। ऐसा लगता है कि शिंदे पिता-पुत्र मुख्यमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यह कौन सा साम्राज्य है? बाप नंबरी होता है, बेटा दस नंबरी होता है, महाराष्ट्र यही अनुभव कर रहा है!”
श्रीकांत ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उनकी तस्वीर ठाणे स्थित उनके निजी आवास पर ली गई थी न कि मुख्यमंत्री कार्यालय में। शुक्रवार शाम श्रीकांत ने आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए एक ट्वीट में लिखा, ”तस्वीर ठाणे स्थित निजी निवास का है, जहां वर्षों से मैं और मेरे पिता लोगों की समस्याओं को सुनते आ रहे हैं। यह सीएम का आधिकारिक आवास या उनका सरकारी कार्यालय नहीं है।
मैं दो बार का सांसद हूं, इसलिए मुझे पता है कि कहां बैठना है और कहां नहीं बैठना है। मुख्यमंत्री शिंदे दिन में 18 से 20 घंटे काम करते हैं। जहां भी जाते हैं नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हैं। वह राज्य को चलाने के लिए सक्षम हैं। उनकी जगह किसी को काम करने की जरूरत नहीं है।” बता दें वायरल तस्वीर में श्रीकांत हाथ में कुछ दस्तावेजों के साथ, अधिकारियों से घिरे एक कार्यालय में बैठे दिखाई दे रहे हैं।
कुर्सी के पीछे दिख रहे महाराष्ट्र सरकार के बोर्ड और लोगो पर सफाई देते हुए श्रीकांत ने कहा, ”उस लोगो का इस्तेमाल मुख्यमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए किया जाता है। वह लोगो यहां मुख्यमंत्री कार्यालय से लाया गया था।”