मास्को से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट में गुरुवार (13 अक्टूबर) को बम मिलने की सूचना मिली। दिल्ली पुलिस ने बताया, “कल रात मास्को से दिल्ली आ रहे विमान में बम होने की सूचना मिली थी। फ्लाइट करीब 3.20 बजे दिल्ली में लैंड हुई। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को उतार दिया गया। फ्लाइट की जांच की गयी है।”
मास्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट संख्या SU 232 में बम की सूचना से चारों तरफ हड़कंप मच गया। विमान में बम होने की सूचना मिलने के बाद उसे दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे 29 पर उतारा गया। आनन-फानन में फ्लाइट से 386 यात्रियों और 16 क्रू मेंबर्स को उतारा गया। विमान की सघन तलाशी ली गयी, जिसके लिए बम स्क्वायड की मदद ली गयी। हालांकि, बाद में बम होने की यह सूचना महज एक अफवाह साबित हुई।
हाई अलर्ट पर एयरपोर्ट: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा के लिहाज से पूरे एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गुरुवार रात 11.15 बजे कॉल से सूचना मिली, जिसमें बताया गया कि रात 3:20 पर जो फ्लाइट मॉस्को से एयरपोर्ट के T3 टर्मिनल पर आ रही है उसमें बम है। जिसके बाद सिक्योरिटी टीम को अलर्ट पर रखा गया। जिसके बाद बम निरोधक दस्ता और दूसरे रेस्क्यू दलों को भेजा गया और विमान को रनवे 29 पर उतारा गया।
इंडिगो की फ्लाइट में बम: हाल ही में खबर आई थी कि इंडिगो की एक फ्लाइट में बम रखा गया है। मेल में बताया गया था कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6045 में बम रखा गया है। इस मेल के बाद हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। यह फ्लाइट छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली थी। इसके बाद फ्लाइट की जांच की गई लेकिन अंदर कुछ नहीं मिला।