बाहरी दिल्ली के अलीपुर में एक गोदाम की दीवार गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई और इस हादसे में कई लोग घायल हो गए। शुक्रवार को हुए इस हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक, मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिनको रेस्क्यू करने के लिए टीमें जुटी हुई हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं जिसमें 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटनास्थल से मलबा हटाया जा रहा है। बाहरी दिल्ली के अलीपुर में शुक्रवार को दोपहर में एक निर्माणाधीन गोदाम में दीवार गिर गई। दमकल विभाग के मुताबिक, अभी भी मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। हालांकि, फायर कंट्रोल रूम का कहना है कि इस हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि जिस वक्त ये हादसा हुआ, मौके पर करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। मौके पर दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस के कर्मी मौजूद हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। जानकारी के मुताबिक, अभी तक मलबे से 10 लोगों को लोगों को निकाला जा चुका है।
दीवार गिरने की खबर मिलते ही अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस हादसे में घायलों को नजदीक के हरिशचंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके से मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन को लगाया गया है। जेसीबी मशीन की मदद से वहां से मलबा हटाया जा रहा है। बचाव कार्य में स्थानीय लोग भी मदद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “अलीपुर में दुखद हादसा हुआ। जिला प्रशासन राहत और बचाव के काम में जुटा हुआ है। मैं स्वयं राहत कार्य पर नजर रखे हुए हूं। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।”