दिल्ली में रेप का एक दरिंदगी भरा मामला सामने आया है। एक 16 साल की लड़की के साथ उसके ही पड़ोसियों ने गैंगरेप किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन पड़ोसियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने लड़की को घर के पास से पहले किडनैप किया और फिर उसे कार से दिल्ली एनसीआर में घुमाते रहे, इसी दौरान उन्होंने लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। इस बीच आरोपियों ने 44 किलोमीटर तक कार चलाई और लड़की के साथ बलात्कार करते रहे, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
पीड़िता ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि छह जुलाई को वो अपने एक दोस्त के घर से लौटने के बाद शाम को वसंत विहार बाजार गई थी। वहीं पर उसकी मुलाकात दो आरोपियों से हुई। पीड़िता ने बताया कि वो लोग थोड़ी देर तक बाजार में घूमते रहे, कुछ देर बाद उन्होंने तीसरे आरोपी को बुलाया, जो अपने साथ एक कार लेकर आया था।
इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरदस्ती शराब पिलाई और अपने साथ कार में ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ बलात्कार किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। कार वसंत विहार से निकली और गाजियाबाद तक घूमती रही। इस दौरान आरोपियों ने बलात्कार का एक वीडियो भी बनाया।
इस घटना के बाद आरोपियों ने लड़की को उसके घर पर छोड़ दिया। इस घटना के दो दिन बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली। पुलिस को उस अस्पताल से फोन आया, जहां पीड़िता का इलाज चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले को लेकर कहा- “आठ जुलाई की सुबह करीब चार बजे एसजे अस्पताल से एक पीसीआर कॉल आई, जहां फोन करने वाले ने नाबालिग के साथ उत्पीड़न की घटना की जानकारी दी।”
घटना की जानकारी मिलने का बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है।