भारतीय जनता पार्टी की भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर (BJP MP Sadhvi Pragya Thakur) अकसर अपने बयानों की वजह से चर्चा में रहती हैं। अब एक बार फिर उन्होंने विवादित बयान दिया है। दरअसल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने हिंदुओं (Hindus) को अपने घरों में हथियार रखने की सलाह दी है। इसके साथ ही उसने लव जिहाद को लेकर कहा है कि वह प्यार भी करता है तो उसमें जिहाद करता है।
कर्नाटक (Karnataka) के शिवमोग्गा (Shivamogga) में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, “हिंदुओं को अपनी गरिमा पर हमला करने वालों को जवाब देने का अधिकार है अपने घरों में हथियार (weapons) रखें और कुछ नहीं तो कम से कम सब्जी काटने वाले चाकू (knife) का इस्तेमाल करें। पता नहीं कब कौन सी स्थिति आ जाए। सभी को आत्मरक्षा का अधिकार है। अगर कोई हमारे घर में घुसकर हम पर हमला करता है तो मुंहतोड़ जवाब देना हमारा अधिकार है।”
भोपाल से बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने लव जिहाद (Love Jihad) को लेकर भी एक बयान दिया उन्होंने कहा, “लव जिहाद! उनके पास जिहाद की परंपरा है और कुछ नहीं तो लव जिहाद करते हैं। प्यार भी करते हैं तो उसमें जिहाद करते हैं। हम (हिन्दू) भी ईश्वर से प्रेम करते हैं। एक संन्यासी अपने ईश्वर से प्रेम करता है।”