धनबाद। नीरज तिवारी हत्याकांड मामले में एसएसपी संजीव कुमार ने सोमवार को बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया नीरज तिवारी हत्याकांड का सूत्रधार रौनक गुप्ता है। नीरज तिवारी की हत्या के पीछे की मुख्य वजह रौनक और नीरज के बीच रही पुरानी अदावत ही अबतक के अनुसंधान में निकलकर आया है। घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।
रौनक गुप्ता हत्याकांड का सूत्रधार
रौनक गुप्ता ही हत्याकांड का सूत्रधार है। रौनक ने ही कांड को कारित किया। अपराधियों को इकट्ठा करने से लेकर नीरज तिवारी की रैकी करने और हथियार का जुगाड़ करने में मुख्य भूमिका अदा की।
घटना को अंजाम देकर स्कोर्पियो से भागे थे अपराधकर्मी
नीरज तिवारी हत्याकांड में चार लोग मुख्य रूप से शामिल थे। कांड को अंजाम देने में दो मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था। घटना के बाद अपराधी स्कोर्पियो से भागे थे।
रौनक को गोली लगना सुनियोजित
रौनक को गोली लगने के मामले में एसएसपी ने बताया इस बिंदु पर अनुसंधान जारी है। कई चीजों पर जांच के लिए फोरेंसिक टीम एवं सायबर फोरेंसिक की मदद ली जा रही है। अबतक के अनुसंधान से यह प्रतीत हो रहा है कि रौनक को एक प्लानिंग के तहत गोली मारी गई थी। एक अन्य को गोली छिटक कर लगा था।
सात गिरफ्तार
इस कांड में सात की गिरफ्तारी पुलिस कर चुकी है। कांड में संलिप्त अन्य तीन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। हत्या 3 सितंबर को हुई थी।
इन अपराधियों को किया गया गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्तों में रौनक गुप्ता ( कतरास) दिलीप यादव ( कतरास) गणेश गुप्ता (कतरास) सुजल गुप्ता (कतरास) प्रिंस स्वर्णकार ( कतरास) प्रिय रंजन ( हीरापुर) रोहित गुप्ता शामिल है। कांड में शूटर अमन सिंह भी आरोपित है।
पुलिस ने कांड में इस्तेमाल हुए दो देशी कट्टा और एक पिस्टल , पांच मोबाइल , तीन जिंदा कारतूस के अलावे घटना में इस्तेमाल हुए दो बाइक व एक स्कोर्पियो बरामद किया है।
हत्याकांड को लेकर एएसपी मनोज स्वर्गियारी और डीएसपी निशा मुर्मू के नेतृत्व एसआइटी की टीम गठित हुई थी।