धनबाद। बंगाली कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने आज उपायुक्त संदीप सिंह से मिलकर जनसेवा के लिए संस्था द्वारा परिचालित शव वाहन एवं शव संरक्षण मशीन रखने के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि संस्था द्वारा धनबाद एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में जन सेवा का कार्य किया जाता है। संस्था के पास एक शव वाहन एवं एक शव संरक्षण मशीन है। इसे आम लोगों को नाम मात्र शुल्क लेकर तथा आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लोगों को निःशुल्क मुहैया कराया जाता है।
अभी इसे रखने के लिए कोई एक स्थान चिन्हित नहीं है। संस्था ने इसे रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक स्थायी स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल में संस्था के अमलेन्दु सिन्हा, तन्मय गोन, भवानी बंदोपाध्याय, अंजन चक्रवर्ती शामिल थे।