धनबाद। शुक्रवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत धनबाद पहुंचे। सुबह पटना से आई गंगादामोदर एक्सप्रेस से धनबाद स्टेशन पहुंचे आरएसएस प्रमुख का स्वयंसेवकों ने जोरदार स्वागत किया। जहां से वह सीधे अशोक नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर (राजकमल) के लिए रवाना हो गए।
अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान झारखंड के सभी मंडलों और बस्तियों में 2024 तक संघ कार्य पहुंचाने पर संघ के पदाधिकारियों के साथ वे मंथन करेंगे। पहले दिन प्रांत कार्यकारिणी और प्रचारकों के साथ बैठक करेंगे, वहीं दूसरे दिन प्रांत के संगठन श्रेणी और जागरण श्रेणी के पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श करेंगे।
रविवार को धनबाद शहर के प्रबुद्ध लोगों के साथ संवाद करेंगे। धनबाद महानगर के सभी शाखाओं के मुख्य शिक्षक, कार्यवाह, मिलन प्रमुखों व प्रवासी कार्यकर्ताओं के साथ शाखा विस्तार पर चर्चा करेंगे।