पंजाब में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की गाड़ी को किसानों ने घेर लिया। कंगना के खिलाफ गुस्साए किसानों ने जमकर नारेबाजी की। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में कंगना खुद कह रही हैं कि उनकी गाड़ी को किसानों ने रोक लिया है। रनौत ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को पंजाब के कीरतपुर में उनकी कार को किसानों ने घेर लिया। घटना चंडीगढ़-ऊना हाईवे की है। वीडियो में बड़ी संख्या में किसानों से घिरी कंगना की सफेद कार दिखाई दे रही है। भीड़ को नियंत्रित करते हुए पुलिस के जवान भी वहां देखे जा सकते हैं।
बताया जा रहा है किसानों पर की गई कंगना की विवादित टिप्पणी को लेकर किसान गुस्से में थे। किसानों ने कहा कि कंगना को कृषि आंदोलन के दौरान किसानों के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। वहीं कंगना वीडियो में कह रही हैं- बहुत सारे लोग मेरे नाम पर पॉलिटिक्स खेल रहे हैं। और उसी पॉलटिक्स का नतीजा है ये जो आज हो रहा है। पूरी तरह से मॉब ने मेरी गाड़ी को घेर लिया है”।
वीडियो में दिख रहा है कि कंगना कार के अंदर बैठी हैं, और बाहर किसान नारेबाजी कर रहे हैं। यह घटना तब हुई जब कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश से लौट रही थीं। हिमाचल प्रदेश से उनकी फ्लाइट कैंसिल हो गई थी, जिसके चलते उन्हें सड़क मार्ग से पंजाब आना पड़ा।
कंगना ने इसे ‘चौंकाने वाली घटना’ बताते हुए कहा कि ये लोग खुद को किसान होने का दावा कर रहे हैं, गाली दे रहे हैं और साथ ही ‘मौत की धमकी’ भी दे रहे हैं। एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि मौके पर पुलिस होने के बावजूद भीड़ ने उनकी कार को आगे नहीं बढ़ने दिया।
कंगना रनौत ने कहा- “यहां की स्थिति अविश्वसनीय है। लोग मेरे नाम पर राजनीति कर रहे हैं और यह स्थिति उसी का परिणाम है। अगर पुलिस नहीं होती तो मैं मॉब लिंचिंग की शिकार हो सकती थी।” कंगना की तरफ से बाद में कहा गया कि वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं और वहां से बाहर निकलने में कामयाब रहीं हैं। उन्होंने पंजाब पुलिस और सीआरपीएफ को भी इसके लिए धन्यवाद दिया।