भोजपुरी सिनेमा में पवन सिंह और खेसारी लाल के बीच का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिनों पवन सिंह के एक फैन ने खेसारी लाल के खिलाफ एक वीडियो जारी किया था, जिसमें शख्स ने खेसारी लाल और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जिसके बाद खेसारी ने बिहार पुलिस से मदद की गुहार लगाई। वहीं, अब इस पूरे विवाद में खेसारी लाल को दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की याद आ गई है। खेसारी ने पवन सिंह के साथ अपने विवाद पर सुशांत सिंह का नाम खींच लिया है।
दरअसल, खेसारी लाल यादव ने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत का नाम लेते हुए कहा है कि उनके साथ ही वही हो रहा है, जो सुशांत सिंह राजपूत के साथ हुआ था। उन्होंने लिखा, ‘आज बिहार पुलिस मेरे साथ भी वही कर रही है जो कुछ वक्त पहले भाई सुशांत सिंह राजपूत के साथ हुआ था। ये वही समूह है जिन्होंने अपने मन से एफआईआर कर के पूरा नाटक किया जिनसे इनको राजनैतिक लाभ मिला या मिलेगा। और आज मुझे हर तरह से दौड़ाया जा रहा है, एफआईआर दर्ज भी नहीं हो रहा है।’
बीते दिनों एक शख्स ने खेसारी लाल के खिलाफ वीडियो जारी किया था, जिसमें इस शख्स ने खुद को पवन सिंह का फैन बताया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद खेसारी लाल ने बिहार पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने वीडियो ट्वीट कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मदद की गुहार लगाई थी। अभिनेता ने लिखा, ‘मेरी नीतीश कुमार जी और बिहार पुलिस से निवेदन है कि इस मानसिक विक्षिप्त और जहरीले इंसान पर एक्शन लें। गाली ही नहीं बल्कि मेरी पत्नी और बेटी को रेप की धमकी दे रहा है। मुझे उम्मीद है की मुझे न्याय मिलेगा और ऐसे जहरीले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपका खेसारी।’
हालांकि, खेसारी लाल ने एक और ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने बिहार पुलिस और मुख्यमंत्री पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘अगर मेरे परिवार के किसी भी सदस्य के साथ कुछ भी गलत होता है, तो जिम्मेदार आपकी होगी बिहार पुलिसवालों। ये निर्लज वीडियो बनाकर धमकी दिए जा रहा है। बिहार की कानून व्यवस्था गुंडों के हाथ गिरवी रख दी गई है क्या मुख्यमंत्री जी?’