नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ इस समय सघन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं और उनकी हालत अत्यंत नाजुक है। सोशल मीडिया पर श्री दुआ की मौत की खबरों का अफवाह जारी है। विनोद दुआ की बेटी एवं अभिनेत्री मल्लिका दुआ ने सोमवार को यह जानकारी दी। दुआ को इस साल की शुरुआत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों के लिए सेवाएं दे चुके और हिंदी पत्रकारिता के जाने माने चेहरे 67 वर्षीय विनोद दुआ की पत्नी पद्मावती ‘चिन्ना’ दुआ का कोविड-19 के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने के बाद जून में निधन हो गया था।
मल्लिका दुआ ने लिखा, ‘मेरे पिता जी आईसीयू में हैं और उनकी हालत अत्यंत नाजुक है। उनका स्वास्थ्य अप्रैल से तेजी से खराब हो रहा था। वह अपने जीवन की किरण खो जाने के सदमे से अभी तक उबर नहीं पाए हैं। उन्होंने असाधारण जीवन जिया है और हमें भी ऐसा ही जीवन दिया है। वह किसी तकलीफ के हकदार नहीं हैं। वह बहुत प्रिय और श्रद्धेय हैं। मैं आप सबसे यह प्रार्थना करने का अनुरोध करती हूं कि उन्हें कम से कम तकलीफ हो।