झारखंड और पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय की टीम कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। ये छापेमारी सेना से जुड़े जमीन पर अवैध कब्जा करने के मामले में हो रही है। अमित अग्रवाल नाम के कारोबारी सहित कुछ उससे जुड़े कुछ अन्य लोगों के यहां ईडी ने छापेमारी की है। रांची के बरियातू में आर्मी की लगभग 50 एकड़ जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हड़पने की कोशिश की गई है।
इस मामले में पूर्व नगर आयुक्त सहित कई सीओ और रजिसट्रार भी ईडी के रडार पर हैं। सूत्रों की माने तो इस मामले में ईडी ने झारखंड में 8 और पश्चिम बंगाल के 4 ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी की टीम शुक्रवार (4 नवंबर) की सुबह से ही पश्चिम बंगाल और झारखंड के लगभग एक दर्जन ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी थी।
झारखंड के कांग्रेस विधायकों के यहां आईटी की रेड
वहीं इनकम टैक्स विभाग ने झारखंड के दो कांग्रेस विधायकों के आवास पर छापेमारी की है। झारखंड कांग्रेस के विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह और प्रदीप यादव से जुड़े ठिकानों पर आईटी एकसाथ छापेमारी की है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग ने कुछ अन्य कारोबारियों के यहां भी छापेमारी की है। शुक्रवार (4 नवंबर) की सुबह ही आईटी की टीम सीआरपीएफ टीम के जवानों के साथ गोड्डा विधानसभा से विधायक प्रदीप यादव के रांची स्थित आवास पर छापेमारी करने पहुंच गई थी।
इस वजह से पहले भी मीडिया की सुर्खियों में आए थे अनूप सिंह
झारखंड की बेरेमो विधानसभा के कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह दो सालों से मीडिया की सुर्खियों में बने हुए हैं। उन पर रांची कोतवाली में विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर सरकार गिराने की साजिश का मामला दर्ज है। इसके अलावा 30 जुलाई 2022 को भी वो कोलकाता में 48 लाख रुपये नगदी के साथ झारखंड के 3 विधायकों के साथ गिरफ्तार किए गए थे।