गुरुवार 20 अप्रैल दोपहर बाद करीब तीन बजे जम्मू कश्मीर के पुंछ में सेना के एक वाहन में अचानक आग लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना में भारत के चार जवानों के शहीद होने की बात सामने आई। पहले यह एक हादसा लगा। लेकिन बाद में सेना की छानबीन के बाद कुछ और कहानी सामने आई। गुरुवार शाम सेना की ओर से दिए गए बयान में कहा गया कि पुंछ में सेना के वाहन पर आतंकी हमला किया गया था। आतंकियों ने सेना के वाहन पर गोलीबारी की। साथ ही ग्रेनेड भी फेंके। जिससे वाहन में आग लगी और राष्ट्रीय राइफल्स के पांच जवान शहीद हो गए। आतंकी हमले की पुष्टि के बाद सेना इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
भीमबेर गली और पुंछ के बीच हाइवे पर हुआ हमला-
सेना की तरफ से बताया गया कि गुरुवार 20 अप्रैल दोपहर लगभग तीन बजे राजौरी सेक्टर के भीमबेर गली और पुंछ के बीच हाइवे से गुजर रहे सेना के एक वाहन पर अज्ञात आतंकवादियों ने गोलीबारी की। आतंकियों ने संभवत वाहन पर ग्रेनेड फेंके। जिस कारण वाहन में आग लग गई। इस हमले में राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के पांच जवान शहीद हो गए। जबकि एक जवान बुरी तरह से जख्मी है। जख्मी जवान का इलाज सेना के अस्पताल में किया जा रहा है।