हरियाणा के भिवानी जिले में माइनिंग साइट पर बड़े हादसे की खबर आ रही है। दादम माइनिंग जोन में हुए इस हादसे में करीब 12 गाड़ियां दब गई हैं। इस दौरान करीब 15 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासनिक अमला मौके पर राहत कार्य में जुटा है और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दादम माइनिंग जोन में पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरकने से यह हादसा हो गया है। पहाड़ के दरकने के कारण मलबे में करीब 12 वाहन दब गए हैं। फिलहाल, घटनास्थल पर मीडियाकर्मियों व आमलोगों के जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। हरियाणा पुलिस के मुताबिक, दो लोग इस हादसे में जख्मी हैं और कई लोगों के लापता होने की खबर है।
भिवानी में लैंडस्लाइड के बाद हरियाणा के मंत्री जेपी दलाल घटनास्थल पर पहुंचे हैं। जेपी दलाल ने बताया, “कुछ लोगों की जान गई है, अब तक तीन लोग अस्पताल ले जाए गए हैं। 3-4 लोग और हो सकते हैं।” मंत्री ने कहा कि डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंच गई है। हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
भिवानी में हुए हादसे पर सीएम मनोहरलाल खट्टर ने दुख जताया है। सीएम ने कहा, ”भिवानी में दादम खनन क्षेत्र में दुर्भाग्यपूर्ण भूस्खलन दुर्घटना से दुखी हूं। मैं त्वरित बचाव अभियान और घायलों को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।