छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने मन्नत पूरी होने पर बकरे की बलि दी मगर मरे हुए बकरे की आंख की वजह से उसकी मौत हो गई। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। आस-पास के लोग इस घटना की चर्चा कर रहे हैं। दरअसल, सूरजपुर के रहने वाले 50 साल के शख्स ने मन्नत पूरी होने के बाद बकरे की बलि दी। इसके बाद उसने बकरे के मांस को पकाया और गांव के अन्य लोगों के साथ खाने के लिए बैठा। इसके बाद उसने बकरे की आंख उठाई और उसे निगल लिया। बकरे की आंख उसके गले में फंस गई और उसका दम घुटने लगा। जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
मन्नत पूरी होने पर दी थी बकरे की बलि
इंडिया टुडे में प्रकाशित खबर के अनुसार, शख्स ने बकरे की बलि तो दी मगर अपने कर्मों की वजह से बच नहीं पाया। रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के 50 साल के बागड़ साई ने अपनी मन्नत पूरी होने के बाद मंदिर में एक बकरे की बलि देने की इच्छा जाहिर की।
बकरे की आंख गले में फंस गई
इसके बाद वह साई मदनपुर गांव के अन्य लोगों के साथ रविवार को खोपा धाम पहुंचा। वहां उसने बकरे की बलि दी। यज्ञ अनुष्ठान करने के बाद ग्रामीणों ने बकरे का मांस पकाया और खाने के लिए बैठ गए। वहीं बागड़ ने जोश में आकर पके हुए मांस में से बकरी की एक आंख निकाली और उसे निगल लिया।
दम घुटने के कारण हुई मौत
बागड़ को नहीं पता था कि बकरे की आंख उसके मौत की वजह बन जाएगी। बागड़ ने बकरे की आंख निगलने की कोशिश की लेकिन वह उसके गले में जा फंसी। इस कारण उसका दम घुटने लगा। उसे सांस लेने में परेशानी आने लगी। आनन-फानन में गांव के लोग उसे अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव के लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।